कट्टे की नोक पर टीचर से सोने की चेन लूटी:सूरजपुर में पति के साथ इवनिंग वॉक पर निकली थी; चेन लूटकर भागे बदमाश

सूरजपुर जिले में DAV पब्लिक स्कूल विश्रामपुर की शिक्षिका से मंगलवार शाम बाइक सवार 3 बदमाशों ने कट्टे की नोक पर 4 तोले सोने की चेन लूट ली। शिक्षिका अपने सेवानिवृत्त पति के साथ इवनिंग वाक पर निकली थी। बाइक सवार बदमाशों ने कट्टा दिखाकर सोने की चेन लूटी और भाग निकले। मामला विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, SECL विश्रामपुर क्षेत्र के 2A कॉलोनी निवासी डीएवी की शिक्षिका नीलम पांडेय मंगलवार शाम अपने सेवानिवृत्त पति, ऑफिसर एसोसिएशन के महासचिव के.पांडेय के साथ आफिसर्स कॉलोनी मुख्य मार्ग में इवनिंग वॉक पर निकली थीं। शाम करीब 7.30 बजे दोनों इवनिंग वॉक कर घर लौट रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक अचानक तेज रफ्तार में उनके पास पहुंचे और गाड़ी रोकी। कट्टा तान लूटी सोने का चेन बाइक सवार दो युवक नीचे उतरे और नीलम पांडेय के गले से सोने का चेन छीनने की कोशिश की। जब नीलम पांडेय ने अपना बचाव करते हुए युवकों को छाते से मारा तो युवकों ने उनपर कट्टा तान दिया और गोली मार देने की धमकी दी। कट्टा देखकर शिक्षिका डर गई। इस बीच बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली। छीनाझपटी में नीलम पांडेय गिर गईं, जिससे उन्हें चोटें भी आई हैं। उन्हें तुरंत SECL के केंद्रीय चिकित्सालय विश्रामपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस घटना की रिपोर्ट देर शाम विश्रामपुर थाने में दर्ज कराई गई है। लूटे गए सोने के चैन की कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज किया है। ऑफिसर्स कॉलोनी के मुख्य मार्ग में हुई लूट की घटना से लोग दहशत में हैं। आशंका है कि लुटेरों ने लूट से पहले रैकी भी की थी। विश्रामपुर थाना प्रभारी टीआई अलरिक लकड़ा ने बताया कि कॉलोनी के आस-पास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *