कड़ाके की ठंड में ग्वालियर पुलिस की कॉम्बिंग गश्त:292 बदमाश गिरफ्तार, 319 गुंडे-हिस्ट्रीशीटर को रजाई से निकालकर पूछा- कैसे चल रहा है खर्चा

ग्वालियर में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी के बीच गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात पुलिस का बदमाशों के खिलाफ कड़ा एक्शन देखने को मिला। ऐसी ठंड जिसमें लोग घरों में छुपकर बैठे हैं पुलिस जवान व अफसरों ने बदमाशों की धरपकड़ का अभियान चलाया है। घने कोहरे के बीच ग्वालियर पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त कर 292 स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि 319 गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों को उनके घर पहुंचकर रजाई से निकालकर चेक किया है। पुलिस अफसरों ने पूछा है कि अब तुम्हारा घर का खर्च कैसे चल रहा है। कहीं किसी अपराध में भागीदार तो नहीं बने। गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा हुआ था। इसके बावजूद पुलिस की 50 से अधिक टीमें रात 11 बजे से शहर और देहात क्षेत्रों में एक साथ कॉम्बिंग गश्त पर निकलीं। इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसना था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर यह विशेष गश्त कराई गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर शहर (पूर्व) विदिता डागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (मध्य/यातायात) अनु बेनीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (पश्चिम/अपराध) सुमन गुर्जर, एएसपी ग्रामीण जयराज कुबेर सहित जिले के सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने थाना प्रभारियों और बल के साथ मैदान में उतरे। कॉम्बिंग गश्त से पहले पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर एकत्र कर अधिकारियों ने ब्रीफिंग दी, इसके बाद टीमों को संवेदनशीलक्षेत्रों सहित शहर और देहात में रवाना किया गया। एसएसपी के फील्ड में आते ही अभियान में आई तेजी वैसे तो कॉम्बिंग गश्त रात 11 बजे शुरू हो गई थी, लेकिन एक्शन में तेजी रात 1 बजे उस समय आई जब एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह अफसरों की हौसला अफजाई के लिए सड़कों पर निकल आए। एसएसपी के अभियान की कमाल संभालते ही अचानक पुलिस के एक्शन में तेजी आ गई। फील्ड में निकले अफसर और फुर्ती से काम करने लगे। साथ ही पुलिस अफसरों को समझाया कि कोई भी बदमाश पुलिस की नजर से छूटना नहीं चाहिए। नकाबपोश वाहन चालकों पर रखी खास नजर कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने पैदल गश्त करते हुए फरार बदमाशों, वारंटियों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों और जिला बदर आरोपियों के घरों पर चेकिंग की। साथ ही बैंक एटीएम, होटल, लॉज, धर्मशाला और ढाबों की भी तलाशी ली गई। संदिग्ध वाहनों और मुंह बांधकर दोपहिया वाहन चलाने वालों की विशेष जांच की गई। धरपकड़ के दौरान कोई भी संदेही नजर आया तो उसे तत्काल निगरानी में लेकर थाना पहुंचा दिया गया है। एक रात में 292 वारंटी गिरफ्तार पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिले में 167 स्थायी वारंट और 125 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए। इसके अलावा 167 गुंडों और 152 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया गया। आधा दर्जन वाहन चालक चेकिंग में पकड़े गए हैं। यह चेहरे पर नकाब पहनकर घूम रहे र्थे। रिकॉर्ड अपडेट, बदमाशों पर शिकंजा कॉम्बिंग गश्त के दौरान कई सक्रिय बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और गुंडों व हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड अपडेट किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में डर पैदा करने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *