बूंदी पुलिस ने हिंडोली थाना क्षेत्र में मुकेश सैनी की चाकू मारकर हत्या के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या पैसों के विवाद के चलते की गई थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हंसराज उर्फ हंसु, निलम उर्फ अनिल, अमर हुसैन उर्फ बंटी और बरीन्दरसिंह उर्फ विरेन्द्रसिंह के रूप में हुई है। यह घटना 27 जनवरी 2026 को हुई थी। पीड़ित ने एमबीएसएच कोटा में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि मांगली कला निवासी मुकेश (32) पुत्र चेलराम की अशोक नगर बड़ा नयागांव कट के पास चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या पैसों के विवाद के चलते की गई। इस संबंध में हिंडोली पुलिस थाने मेंमामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। एसपी राजेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा और वृत्ताधिकारी अजीत मेघवंशी के पर्यवेक्षण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों और हत्या में प्रयुक्त हथियार के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।


