कड़ाके की ठंड में निगम का अभियान:सड़क किनारे सो रहे जरूरतमंदों को रैन बसेरों तक पहुंचाया

छिंदवाड़ा शहर में लगातार गिरते तापमान और शीतलहर के बढ़ते असर को देखते हुए नगर निगम ने मानवीय पहल करते हुए जरूरतमंदों के लिए राहत अभियान चलाया। निगम की टीम ने रात्रि के समय शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क किनारे सो रहे बेसहारा लोगों को सुरक्षित रूप से रैन बसेरों में शिफ्ट किया। अभियान का उद्देश्य ठंड से जूझ रहे राहगीरों, श्रमिकों और बेघर नागरिकों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना रहा। निगम की टीम ने पोला ग्राउंड, मानसरोवर बस स्टैंड, राजीव गांधी बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन परिसर और रेलवे ब्रिज के नीचे सो रहे लोगों को चिन्हित कर उन्हें रैन बसेरों तक पहुंचाया, ताकि वे शीतलहर के प्रकोप से सुरक्षित रह सकें। नगर निगम द्वारा कलेक्ट्रेट के पास एवं नरसिंहपुर नाका स्थित रैन बसेरों में महिलाओं और पुरुषों के ठहरने की अलग-अलग व समुचित व्यवस्था की गई है। इन रैन बसेरों में ठहरने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है। यहां रूम हीटर, कंबल, धुली हुई चादर, रजाई और एलईडी टीवी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे लोगों को सर्द रातों में राहत मिल सके। इसके अलावा नगर निगम ने शहर के प्रमुख बस स्टैंड और जिला अस्पताल परिसर में अलाव की भी व्यवस्था की है, ताकि खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सके। इस राहत अभियान में इंजीनियर ब्रजेश पांडेय, सिटी मैनेजर उमेश पयासी सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और रात भर जरूरतमंदों की मदद करते नजर आए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *