म्याना, पगारा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के स्टॉपेज की शुरुआत:सिंधिया बोले- गर्मी में ठंडक और सर्दी में गर्माहट लाने का काम सिंधिया परिवार के मुखिया का है

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार को गुना के दौरे पर रहे। उन्होंने म्याना में भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी और पगारा में भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के स्टॉपेज का शुभारंभ किया। उन्होंने हरी-झंडी दिखाकर दोनों ट्रेनों को रवाना किया। कार्यक्रम में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री गुरुवार शाम सबसे पहले म्याना रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने ग्वालियर भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस के स्टॉपेज का शुभारंभ किया। यहां उन्होंने आमसभा को भी संबोधित किया। इसके बाद वे पगारा रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां भोपाल जोधपुर एक्सप्रेस ट्रेन को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। केंद्रीय मंत्री ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे बहुत लोग कह रहे थे कि ठंडी बहुत है। तो मैंने कहा कि ग्वालियर चंबल संभाग में ठंडी पड़ती है तो ऐसी पड़ती है, जो जम्मू कश्मीर से भी ज्यादा ठंडी पड़ती है। जब गर्मी पड़ती है, तो 50 डिग्री की गर्मी पड़ती है। उन्होंने कहा गर्मी के ठंडक लाने का काम सिंधिया परिवार के मुखिया का है और सर्दी में गर्माहट लाने का काम सिंधिया परिवार के मुखिया का है। सिंधिया ने कहा- मोदी के नेतृत्व में भारत बढ़ रहा
उन्होंने कहा कि आज मेरे मन में उमंग है। 2026 के साल की शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अग्रसर हो रहा है और जब भारत अग्रसर हो रहा है, तो गर्मी में गर्मी नहीं लगती और ठंडी में ठंड नहीं लगती। ये भारत के हर एक इंसान की पहचान है। नए वर्ष के अवसर पर एक तारीख को आपके साथ नहीं रह पाया, लेकिन आज 8 जनवरी को आया हूं, तो आपके लिए पगारा स्टेशन पर भोपाल जोधपुर एक्सप्रेस का स्टॉपेज लेकर आया हूं। इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद अर्पित करते हैं। रेल विभाग सिंधिया परिवार के दिल के साथ जुड़ा है। आज दो सौगात हम देने जा रहे हैं। म्याना में ग्वालियर भोपाल इंटरसिटी के स्टॉपेज का शुभारंभ किया। यहां पगारा में भोपाल जोधपुर एक्सप्रेस के स्टॉपेज का शुभारंभ कर रहे हैं। रेल की जितनी सुविधा गुना में है, उसे लगातार बढ़ाते जाना है। आप अपना आशीर्वाद प्रदान करते जाना, विकास और प्रगति की सौगात में लेकर आता रहूंगा। बोले- आक्रमण के बाद बार-बार उठा सोमनाथ मंदिर
आज 8 जनवरी का दिन बहुत महत्वपूर्ण दिन है। हजार वर्ष पहले जो एक आक्रांता आया था महमूद गजनवी, उसने सोमनाथ मंदिर को नष्ट किया था। पर जितने बार आक्रांताओं ने सोमनाथ मंदिर को नष्ट किया है, सोमनाथ मंदिर ने उतनी बार उठकर अपना प्रमाण विश्व स्तर पर बनाया है। सिंधिया परिवार का रिश्ता भी उस सोमनाथ मंदिर के साथ है। महद महाराज ने देश का एकीकरण किया था। लाहौर में भगवा झंडा फहराया था। मोहम्मद गजनवी जो सोमनाथ के द्वार लाहौर ले गया था, महद महाराज उन द्वारों को वापस भारत लेकर आए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *