प्रदेश भर में एक बार फिर कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है। 48 घंटे में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिर गया है। इसके चलते उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिले शीतलहर की चपेट में है। जशपुरनगर में घना कोहरा छाया रहा। सन्ना और पंडरापाठ इलाके में तापमान गिरकर 1 डिग्री पहुंच गया। इस बीच, मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। 18 जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञानी गायत्री वाणी ने बताया कि अगले दो दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं बुधवार को उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में एक बार फिर से 1 से लेकर 2 डिग्री तक बढ़ोत्तरी होगी। उधर, सरगुजा में सर्दी के कहर को देखते हुए प्राइमरी स्कूलों में 10 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। बलरामपुर में 7 जनवरी को कोरिया में 10 तक, एमसीबी में 8 जनवरी तक छुट्टी रहेगी। इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है। जिन जिलों के लिए चेतावनी है, उनमें सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा शामिल है। इन जिलों के एक-दो पॉकेट में शीत लहर चलने की संभावना है। इसी तरह रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिले में अगले 48 घंटे तक शीत लहर चलने की संभावना जताई गई है।


