देश का 87वां और रायपुर में छत्तीसगढ़ का पहला पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू होने वाला है। इसके लागू होने से पहले ही इसकी किरकिरी हो रही है, क्योंकि रायपुर में लागू होने वाला कमिश्नरी सिस्टम कमजोर व सीमित दायरे का है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार रायपुर और बीरगांव निगम क्षेत्र में ही पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू किया जा रहा है, जबकि नवा रायपुर अटल नगर, अभनपुर, आरंग, खरोरा और तिल्दा का इलाका देहात में रखा गया है। पिछले 15 साल से सरकार नवा रायपुर को राज्य का पहला स्मार्ट सिटी बनाने का दावा कर रही है। इसे अर्बन सेंटर के तौर पर विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में यह स्टेट कैपिटल रीजन का बड़ा केंद्र और मुख्यालय होगा। इसके बावजूद गृह विभाग इसे देहात का हिस्सा मानते हुए यहां ग्रामीण पुलिस व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। इससे इन इलाकों में निवेश प्रभावित होगा। मंत्री परिषद की बैठक के बाद सामने आई रिपोर्ट के अनुसार नगरीय निकाय क्षेत्र के 22 शहरी थानों में पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू किया जाएगा, जबकि ग्रामीण के 15 थानों के लिए अलग से ग्रामीण एसपी की व्यवस्था की जाएगी। ये गलत है… नवा रायपुर छत्तीसगढ़ का पहला स्मार्ट सिटी और अर्बन सेंटर नवा रायपुर होगा देहात का हिस्सा, इसकी सुरक्षा संभालेंगे ग्रामीण एसपी कमेटी की रिपोर्ट पर भी चर्चा नहीं पुलिस कमिश्नरी लागू करने की घोषणा के बाद विधि विशेषज्ञों की कमेटी ने देश की 86 पुलिस कमिश्नरी प्रणालियों का अध्ययन कर रिपोर्ट गृह विभाग को सौंपी थी। हैरानी की बात यह है कि इस रिपोर्ट पर आज तक चर्चा नहीं हुई। गृह विभाग ने न तो सवाल किया और न ही मंथन किया। डिप्टी सीएम चाहते हैं मजबूत सिस्टम डिप्टी सीएम-गृहमंत्री विजय शर्मा रायपुर में मजबूत कमिश्नरी सिस्टम के पक्षधर हैं। उन्होंने इस संबंध में नोटशीट भी चलाई है और एडीजी गुप्ता कमेटी की सिफारिशें लागू करने को कहा है। इसके बावजूद उनकी सिफारिशों को दरकिनार कर दिया गया है। ये सब देहात में अटल नगर में रायपुर ग्रामीण एसपी बैठेंगे। यहीं से सरकार और शासन का संचालन होता है। यानी मंत्रालय, सचिवालय, पीएचक्यू और विधानसभा ग्रामीण अंचल के अंतर्गत होंगे। नया राजभवन, सीएम हाउस, मंत्री बंगले, विधायक निवास, सीएस-डीजीपी के बंगले भी इसी क्षेत्र में आएंगे। इन बड़े शहरों में पूर्ण कमिश्नरी सिस्टम दिल्ली, मुंबई, भुवनेश्वर, पुणे, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, बेंगलुरु समेत कई बड़े शहरों में पूर्ण पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू है। इन शहरों में देहात पुलिसिंग का अलग सिस्टम नहीं है, बल्कि पूरे जिले में कमिश्नरी व्यवस्था लागू की गई है। भास्कर एक्सपर्ट – अन्वेष मंगलम, रिटा. स्पेशल डीजी, मप्र मुख्यमंत्री मजबूत सिस्टम लागू करें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को आगे आकर रायपुर में मजबूत और पूर्ण पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू करना चाहिए। अन्यथा रायपुर को एसपी सिस्टम में ही रहने देना बेहतर होगा, क्योंकि कमिश्नरी सिस्टम लागू करना कोई संवैधानिक बाध्यता नहीं है। पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए पीएम इस व्यवस्था पर जोर दे रहे हैं। रायपुर छोटा शहर है, इसलिए पूरे जिले में कमिश्नरी सिस्टम लागू किया जाना चाहिए। इससे अपराध में कमी आएगी और ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर होगी। रायपुर में स्टेट कैपिटल रीजन लागू होने वाला है, इसलिए रायपुर और भिलाई को मिलाकर कमिश्नरी सिस्टम लागू किया जा सकता है।


