भास्कर न्यूज|लोहरदगा झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा आयोजित होने वाले वार्षिक माध्यमिक परीक्षा-2026 व इंटरमीडिएट (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) परीक्षा-2026 के आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में हुई। जिसमें उपायुक्त द्वारा सभी संबंधित दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों व केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त होना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर से लापरवाही नहीं होनी चाहिए। परीक्षार्थियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। परीक्षा केंद्र में प्रवेश करते समय परीक्षार्थियों द्वारा मोबाइल या अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट रखने की जांच कर ली लाए। परीक्षा के पूर्व छूटे हुए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी इंस्टॉल करा लें और उसके फुटेज सुरक्षित रखे जाएं। जो भी पदाधिकारी या केंद्राधीक्षक दिशा-निर्देशों का पालन करने में लापरवाही बरतेंगे उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के पीने के पानी की व्यवस्था कर लें। शौचालय की व्यवस्था व बिजली कटने पर वैकल्पिक व्यवस्था देख लें। परीक्षा केंद्र पर आवश्यक रिपोर्टिंग को छोड़ अन्य कार्य के लिए मोबाईल का प्रयोग ना करें। परीक्षा केंद्र के भीतर परीक्षा से संबंधित दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक व परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त कर्मियों को छोड़ अन्य बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह मनाही रहेगी। बैठक में सभी दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों व केंद्राधीक्षकों को परीक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। मौके पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, डीएसपी मुख्यालय समीर तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, सभी दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व संबंधित केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।
माध्यमिक व इंटरमीडिएट की परीक्षा 3 फरवरी से प्रारंभ होंगी। माध्यमिक की परीक्षा 17 फरवरी 2026 को समाप्त होगी। यह परीक्षा पहली पाली में पूर्वाह्न 9.45 से अपराह्न 1 बजे तक संचालित होगी। माध्यमिक की परीक्षा के लिए 18 परीक्षा केंद्र निर्धारित किये गये हैं जिसमें 7063 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा अपराह्न 2 बजे से अपराह्न 5.15 बजे तक संचालित होगी। इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किये गये है जिसमें 4397 परीक्षार्थी शामिल होंगे।


