रणबीर उरांव का ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए चयन, कोलकाता हुए रवाना

भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा जिला के होनहार फुटबॉल खिलाड़ी एवं बलदेव साहू महाविद्यालय के बीए सेमेस्टर-2 के छात्र रणबीर उरांव का चयन ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल टीम में किया गया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए रांची यूनिवर्सिटी की टीम कोलकाता रवाना हो चुकी है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में रांची में आयोजित ईस्ट ज़ोन यूनिवर्सिटी फुटबॉल प्रतियोगिता में रांची यूनिवर्सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की थी, जिसके साथ ही टीम ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। यह प्रतियोगिता यूनिवर्सिटी ऑफ़ कोलकाता की मेजबानी में 30 जनवरी 2026 से 9 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। रांची यूनिवर्सिटी की टीम में राज्य के विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इसमें एसएस मेमोरियल कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज रांची, केओ कॉलेज गुमला, मांडर कॉलेज, डोरंडा कॉलेज, बीएस कॉलेज लोहरदगा, केसीबी बेरो, जेएन कॉलेज, वाईएसएम कॉलेज तथा आरएलवाईएस कॉलेज के खिलाड़ी शामिल हैं। टीम मैनेजर के रूप में अयोध्या सैंडिल (केसीबी बेरो) तथा कोच के रूप में मनोज कुमार (असिस्टेंट प्रोफेसर, केओ कॉलेज गुमला) और रिज़वान अली टीम के साथ हैं। रणबीर उराव के ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी फुटबॉल टीम में चयन होने पर बलदेव साहू महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशि गुप्ता, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, खेल प्रभारी आनंद मांझी, पीटीआई सोनू कुमार बड़ाईक, अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल रेफरी सोमा उराव, सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, खेलप्रेमियों एवं साथियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *