मैहर में स्वामी विवेकानंद जयंती और युवा दिवस पर कार्यक्रम हुआ। इसमें नेशनल साइकिलिस्ट आशा मालवीय ने महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक सूर्य नमस्कार और योग से हुई। इसमें विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर रानी बाटड के साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए। आशा मालवीय कन्याकुमारी से अकेले साइकिल यात्रा कर रही हैं। उन्होंने अनुभवों को साझा करते हुए महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण पर बातें रखीं। उन्होंने कहा कि उनकी यह यात्रा महिलाओं में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। आशा ने छात्राओं से कहा कि सुरक्षा की पहली जिम्मेदारी स्वयं की होती है। उसके बाद समाज और देश के नागरिकों की भूमिका आती है। उनकी इस साहसिक पहल और महिला सशक्तीकरण के प्रति समर्पण को देखते हुए कार्यक्रम में उनका सम्मान भी किया गया।


