भास्कर न्यूज | पटना कन्याशाला पटना में बुधवार को 79 छात्राओं को साइकिल वितरित किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह ने कहा कि साइकिल मिलने से गांव और दूर-दराज के क्षेत्र से विद्यालय आने वाली छात्राओं की परेशानी दूर होगी। सरकार की सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए वरदान साबित होगी। इस योजना से छात्राओं की शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगी। गायत्री सिंह ने कहा कि शिक्षा ही सशक्तिकरण का मार्ग है और इस योजना से बच्चियों को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता रवि शंकर शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि सरकार का यह महत्वपूर्ण कदम है, जिससे छात्राओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। पहले लंबी दूरी और यातायात की समस्या के कारण कई बच्चियां पढ़ाई बीच में छोड़ देती थीं। अब साइकिल मिलने से वे बिना किसी परेशानी के समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगी। इस योजना से छात्राओं की शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी और उनका भविष्य संवर सकेगा। शर्मा ने इसे सरकार की दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि यह कदम बेटियों की प्रगति के लिए मील का पत्थर साबित होगा। विशिष्ट अतिथि विनोद शर्मा ने कहा कि छात्राओं के भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे में सरकार द्वारा शुरू की गई सरस्वती साइकिल वितरण योजना छात्राओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत निशुल्क साइकिल प्राप्त कर वे आसानी से विद्यालय आ-जा सकती हैं, जिससे उनका समय और ऊर्जा दोनों की बचत होती है। प्राचार्य जया तिवारी ने स्कूल के बारे में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।


