भास्कर न्यूज |लुधियाना कपडा व्यापारी से 3 लोगों ने बीच रास्ते रोक कर नकदी व फोन की लूट की घटना का अंजाम दिया। घटना गत वीरवार रात 10 बजे धुरी लाइन, दशमेश नगर में हुई है। मामले में कपडा कारोबारी गौरी शंकर वासी चेत सिंह नगर ने बताया कि घटना की रात को वह अपनी दुकान बंद कर घर को लौट रहा था। जब दशमेश नगर की तरफ पंहुचा तो गली में काफी भीड़ थी। जहां से वह हॉर्न बजाते हुए आगे की तरफ जा रहा था। इसी दौरान 3 युवक बाइक से उनका पीछा करने लगे। फिर कुछ समय के बाद सुनसान जगह पर आरोपियों ने उसकी एक्टिवा के आगे बाइक खड़ा कर दिया। फिर एक युवक आया जिसने उनके गले पर दांत रख धमकी देते हुए नकदी व फोन देने के लिए कहा, जिस पर पीड़ित व्यापारी ने डरते हुए आरोपियों को 3 हजार रुपये व फोन दे दिया। उसके बाद अगले दिन पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद मामले में थाना डिवीजन-6 की पुलिस ने अज्ञात लोगों पर पर्चा दर्ज कर लिया है।


