पंजाब के कपूरथला क्षेत्र में सुल्तानपुर लोधी मंड क्षेत्र में गांव आहली खुर्द के पास टूटे अस्थायी बांध को रिंग बांध बनाकर बंद कर दिया गया है। यह रिंग बांध लोगों के सामूहिक प्रयास से कुछ ही घंटों में तैयार किया गया। बांध के टूटने से मंड क्षेत्र में करीब 25 से 30 हजार एकड़ धान की फसल को नुकसान हुआ था। राज्यसभा सदस्य ने किया था निर्माण शुरूराज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने दोपहर बाद रिंग बांध का निर्माण शुरू किया। इस बांध के बनने से ब्यास नदी का पानी खेतों में जाना रुक गया है। गांव आहली कलां के सरपंच शमशेर सिंह ने बताया कि 24 अगस्त को यह अस्थायी बांध टूट गया था। इलाके के लोग जुलाई से ही इसे बचाने की कोशिश कर रहे थे। देश-विदेश से लोगों ने की मदद बांध टूटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पंजाब और देश-विदेश से लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया। स्थानीय लोग मिट्टी से भरी ट्रालियां लेकर बांध को बंद करने में जुट गए। गांव आहली कलां के गुरुद्वारा साहिब के पास बड़ी मात्रा में मिट्टी जमा की गई। शमशेर सिंह और जत्थेदार रणजीत सिंह के अनुसार, जैसे ही पानी का स्तर कम होगा, स्थायी बांध का निर्माण शुरू किया जाएगा। रास्तों को मिट्टी डालकर सुगम बनाया वहीं बाउपुर के बांध को भी लोगों के सहयोग से पूरा किया गया था। बांध तक पहुंचने के लिए रास्तों को मिट्टी डालकर सुगम बनाया गया है। बांध के निर्माण में संप्रदाय दल बाबा बिधीचंद के सेवादार संत अवतार सिंह, बाबा सुखा सिंह सरहाली साहिब और राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल के नेतृत्व में आहली कलां, आहली खुर्द और मंड क्षेत्र के अन्य गांवों के लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।


