कपूरथला के खीरावाली गांव के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसआई अमरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें खीरावाली गांव के पास सड़क पर खड़े एक वाहन में एक युवक के बेहोशी की हालत में पड़े होने की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की मदद से युवक को कपूरथला के सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान तलवंडी चौधरीयां गांव निवासी सोनमप्रीत सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोनमप्रीत की पत्नी का करीब एक साल पहले निधन हो गया था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। परिजनों के अनुसार, वह पिछली रात कपूरथला से दवा लेकर अपने गांव लौट रहा था। एएसआई अमरजीत सिंह ने आगे बताया कि मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने फिलहाल मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की है और आगे की जांच जारी है।


