महिला क्रिकेटर क्रांति ने खरीदी थार, पिता को मिली वर्दी:मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद पिता की 14 साल बाद पुलिस सेवा में वापसी; बोलीं-अब BMW खरीदना है

छतरपुर की अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ और उनके परिवार के लिए 24-25 जनवरी खुशियों भरे रहे। इस दौरान क्रांति ने ड्रीम कार महिंद्रा थार खरीदी, वहीं उनके पिता मुन्नालाल गौड़ लगभग 14 साल बाद पुलिस सेवा में वापसी की। क्रांति ने बताया कि थार उनकी ड्रीम कार थी और अब उनका अगला लक्ष्य BMW कार खरीदना है। उसी दिन मुन्नालाल गौड़ ने पुलिस लाइन छतरपुर में आमद देकर सेवा में जॉइन किया। बता दें कि वर्ष 2012 में निलंबन के बाद उन्हें हाल ही में बहाल किया गया। एएसपी छतरपुर आईपीएस आदित्य पटले ने इसकी पुष्टि की और बताया कि अब उनकी नई तैनाती एसपी द्वारा निर्धारित की जाएगी। क्रांति ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ल्ड कप जीतकर वापसी के बाद पापा की नौकरी सुनिश्चित की थी। क्रांति बोली नौकरी के लिए CM का धन्यवाद क्रांति गौड़ ने पिता की नौकरी बहाल होने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा-जब मैं वर्ल्डकप जीतकर लौटी, तो मैंने CM सर से पापा की नौकरी की बात रखी। बहुत जल्द ही उन्हें नौकरी मिल गई और उन्होंने पुलिस लाइन छतरपुर में ज्वाइनिंग भी ली। उन्होंने युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा देते हुए कहा-जैसा मैंने बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया। मैं चाहती हूं कि यहां से और भी लड़के-लड़कियां निकलें और देश का नाम ऊंचा करें। मैं केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि हर खेल को लेकर कहती हूं कि जो भी करें, पूरी मेहनत और लगन के साथ करें। क्रांति गौड़: छतरपुर की अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट स्टार क्रांति गौड़ छतरपुर जिले के घुवारा गांव की 22 वर्षीय युवा तेज गेंदबाज, भारतीय महिला क्रिकेट टीम में अपनी मेहनत और जूनून के दम पर एक महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर चुकी हैं। क्रांति का जन्म 11 अगस्त 2003 को हुआ। बचपन में वह स्थानीय टेनिस-बॉल क्रिकेट खेलती और मैदान पर “बॉल बॉय” का काम भी करती थीं। ग्रामीण पिचों पर खेलते-खेलते उन्होंने तेज और स्विंग वाली गेंदबाजी विकसित की। शुरुआती दिनों में उन्हें संसाधनों और कोचिंग की कमी का सामना करना पड़ा, लेकिन कोच राजीव बिलथरे ने मुफ्त प्रशिक्षण, जर्सी और शूज देकर उनका समर्थन किया। क्रांति ने मध्य प्रदेश सीनियर महिला टीम के लिए खेलते हुए 2024-25 सत्र में वन-डे चैंपियनशिप के फाइनल में 4/25 की शानदार गेंदबाजी की। इसके बाद WPL 2025 में उन्हें यूपी वारियर्स ने खरीदा। मई 2025 में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ ODI डेब्यू और इंग्लैंड दौरे पर T20I डेब्यू किया। इंग्लैंड में तीसरे ODI में उनका 6/52 का प्रदर्शन करियर का एक रोमांचक पल था। ICC महिला वर्ल्ड कप 2025 में भारत को पहली बार खिताब दिलाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई और पाकिस्तान के खिलाफ 3 विकेट लेकर ‘मैन ऑफ द मैच’ भी बनीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *