कपूरथला में गाड़ी की टक्कर से व्यक्ति की मौत:हाईवे पर घायल पड़ा था, जेब से मिला दिल्ली से जम्मू का रेलवे टिकट

कपूरथला के ढिलवां क्षेत्र में हाईवे पर सोमवार की दोपहर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे सिविल अस्पताल कपूरथला ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। ढिलवां पुलिस को आज दोपहर में गांव गाजी गदाना के पास हाईवे पर एक अज्ञात व्यक्ति के घायल पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर एसआई जसबीर सिंह और एसएसएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया। जेब से मिला ट्रेन का टिकट भुलत्थ सबडिवीजन के डीएसपी करनैल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की उम्र लगभग 55 से 60 वर्ष प्रतीत होती है। पुलिस को मृतक की जेब से 21 जनवरी का दिल्ली से जम्मू जाने का एक रेलवे टिकट मिला है। इस टिकट के आधार पर व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अनुमान है कि उक्त व्यक्ति किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आया होगा। डीएसपी करनैल सिंह ने बताया कि ढिलवां थाना पुलिस ने अज्ञात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला के शवगृह में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच हर पहलू से कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *