कपूरथला के गांव सैदो भुलाना में एक टीचर के घर में चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपए का समान चोरी कर लिया। हालांकि घर के नजदीक लगे CCTV कैमरे में दो संदिग्ध बाइक सवार भी कैद हुए हैं। टीचर की शिकायत के बाद थाना सदर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूल रुप से अमृतसर के रहने वाले रमन कुमार गांव सैदो भुलाना में किराये के मकान में रहते हैं। रमन ने बताया कि वह भुलाना के स्कूल में अध्यापक है। 24 दिसंबर को स्कूल मे छुट्टियां होने के बाद वह अपने घर अमृतसर चला गया था। 29 दिसंबर की सुबह पड़ोसियों का उसे फोन आया कि उसके घर के लॉक टूटे हुए हैं। जब उसने घर आकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। प्राथमिक जांच में घर से LED, इनवर्टर सेट, कोट पैंट सूट तथा हजारों रुपए की नकदी चोरी हुई है। अज्ञात चोरों की गतिविधि नजदीक लगे CCTV केमरों में कैद हुई है। जिसमें आधी रात के बाद दो बाइक सवार संदिग्ध घूमते देखे गए हैं। जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। वहीं, दूसरी तरफ भुलाना चौकी के इंचार्ज ASI पूरनचंद ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना सदर में FIR दर्ज कर ली गई है।


