कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी उपमंडल में देर शाम एक स्विफ्ट कार गांव पजियां के पास अधूरी और टूटी सड़क के कारण अनियंत्रित होकर खेतों में पलट गई। यह कार कपूरथला से फिरोजपुर जा रही थी। हादसे में कार चालक बाल-बाल बच गया, हालांकि वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। फिरोजपुर निवासी एडवोकेट अविनाश गुप्ता ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वे अपनी स्विफ्ट कार (PB-05-AJ-1236) से जालंधर से लौट रहे थे। पजियां डडविंडी के पास सड़क का हिस्सा अचानक टूटा और अधूरा होने के साथ बिखरे पत्थरों के कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सड़क से उतरकर खेतों में जा गिरी। कई महीनों से टूटी पड़ी है सड़क गौरतलब है कि सुल्तानपुर लोधी से कपूरथला तक बन रही फोर-लेन सड़क कई महीनों से जगह-जगह से टूटी और अधूरी है। सही साइन बोर्ड या चेतावनी वाले संकेत न होने के कारण दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को सड़क की स्थिति का पता नहीं चलता। इसी वजह से पजियां डडविंडी के पास पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें 5-6 लोगों की जान जा चुकी है।
ग्रामीणों का आरोप- शिकायत के बाद नहीं दिया ध्यान घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी और संबंधित विभाग पर सड़क की मरम्मत पर ध्यान न देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि समय पर मरम्मत और चेतावनी बोर्ड लगाकर ऐसे हादसों को रोका जा सकता है। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।


