पलामू के कुसड़ी गांव में ट्रिपल मर्डर:ओझा-गुनी के शक में तीन को टांगी से काटा, मरने वाले सभी एक ही परिवार के

पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के कुसड़ी गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। तीनों की हत्या टांगी से काट कर की गई है। हत्या की यह घटना अहले सुबह 4 बजे के करीब की बताई जा रही थी। मृतकों में विजय भुइयां, उनकी पत्नी हेमंती देवी और पुत्र छोटू कुमार शामिल हैं। हमलावरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर घर का दरवाजा खुलवाया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पिता की मौत के बाद भड़का गुस्सा जानकारी के अनुसार, गांव के ही रविंद्र भुइयां और प्रमोद भुइयां ने इस वारदात को अंजाम दिया है। बताया गया कि रविवार सुबह करीब 3 बजे दोनों आरोपियों के पिता महेशी भुइयां (65) की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। पिता की मौत से आक्रोशित होकर दोनों भाइयों ने पड़ोसी विजय भुइयां के परिवार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। आरोप है कि उन्होंने विजय भुइयां और उनके परिवार पर ओझा-गुनी करने का आरोप लगाते हुए टांगी और चाकू से हमला किया। इस हमले में विजय भुइयां, हेमंती देवी और छोटू कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटू की पत्नी ममता कुमारी और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। ओझा-गुनी को लेकर चल रहा था विवाद ग्रामीणों के अनुसार, विजय भुइयां और महेशी भुइयां के परिवारों के बीच पिछले कई वर्षों से ओझा-गुनी को लेकर विवाद चला आ रहा था। महेशी भुइयां लंबे समय से बीमार थे। उनके परिजन यह मानते थे कि विजय भुइयां ने उन पर भूत-प्रेत का साया कर दिया है। इस विवाद को लेकर गांव में कई बार पंचायत और समझौते भी हुए थे, लेकिन अंधविश्वास की जड़ें इतनी गहरी थीं कि अंततः यह खूनी वारदात में बदल गया। घटना के बाद घायल ममता कुमारी और उनकी बेटी को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए मेदिनीनगर रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं। जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *