कपूरथला में मंगलवार को एक ट्राला और कार की टक्कर में कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तब हुआ जब रॉन्ग साइड से आ रहा ट्राला ड्राइवर ने सामने से आ रही कार से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सीधे ट्राले के नीचे जा घुसी। हादसा सुभानपुर रोड पर हुआ। घायल कार ड्राइवर की पहचान नवा पिंड भट्ठा के रहने वाले सुखजीत सिंह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे सुखजीत को बाहर निकाला। उसे तुरंत कपूरथला सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसके सिर पर गंभीर चोट की पुष्टि की। प्राथमिक इलाज के बाद उसे अमृतसर के गुरु नानक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना गोशाला के पास हुई। टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्राला ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्राले को अपने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश जारी है।


