कपूरथला के गोपाल पार्क में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ने एक बंद पड़े घर से 70-80 हजार रुपए की नगदी और 2 तोले सोने के गहने चुरा लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह की है, जब मकान मालिक संदीप कुमार काम पर गए थे। उनके परिवार के अन्य सदस्य नई कचहरी गए हुए थे। करीब 10:30 बजे जब संदीप घर लौटे और मेन गेट खोला, तो उन्होंने एक युवक को घर के अंदर खड़ा देखा। चोर छत के रास्ते से भागा संदीप ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घबराए चोर ने छत पर चढ़कर पीछे लगे पेड़ की मदद से भागने का रास्ता चुना। लोगों ने पीछा किया, लेकिन वह फरार हो गया। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी से 40-50 हजार रुपए और गोलक से 20 हजार रुपए की नगदी गायब थी। इसके अलावा 2 तोले सोने के गहने भी चोरी हो गए। पुलिस चोर की तलाश में जुटी पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही पीसीआर टीम के एएसआई बलविंदर सिंह और एएसआई कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने थाना सिटी पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस चोर की तलाश में जुटी है।


