कपूरथला में राजस्व मंत्री बोले-बाढ़ से नुकसान का मुआवजा देंगे:विशेष गिरदावरी के लिए अधिकारी नियुक्त किए, नाव भी दी; प्रभावित इलाकों की जांच की

कपूरथला में बुधवार को पंजाब के राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बाढ़ प्रभावित किसानों को पूरे मुआवजे का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सीएम भगवंत मान के निर्देश पर सरकार ने विशेष गिरदावरी के लिए जिला माल अधिकारी और नायब तहसीलदार नियुक्त किए हैं। राजस्व मंत्री ने सुल्तानपुर लोधी में बाढ़ पीड़ितों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पानी कम होते ही विशेष गिरदावरी शुरू कर दी जाएगी। नियुक्त किए गए नायब तहसीलदार केवल गिरदावरी का काम देखेंगे। सरकार ने हर बाढ़ प्रभावित गांव को नाव उपलब्ध कराई है। मंत्री ने आहली कलां, आहली खुर्द और बाउपुर गांवों का दौरा किया। आहली कलां में अस्थायी बांध टूटने से हजारों एकड़ फसल जलमग्न हो गई है। ग्रामीणों ने मंत्री को नुकसान का ब्यौरा देते हुए मांग पत्र सौंपा। मुंडियां ने सांगरा गांव में नाव से पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरित किया। मंड क्षेत्र के निचले इलाकों के लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं- कैबिनेट मंत्री
सीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की निगरानी के लिए मंत्रियों के समूह बनाए हैं। सरकार लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में पंजाब सरकार उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगी और हर संभव सहायता उन तक पहुंचाई जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने लोगों से अपील की कि पानी के बढ़े स्तर के कारण मंड क्षेत्र के निचले इलाकों के लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की मदद के लिए बाढ़ कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, बाढ़ की चपेट में आए परिवारों को राशन, दवाइयां, पशुओं के लिए चारा आदि प्रदान किया जा रहा है ताकि इस प्राकृतिक आपदा के दौरान उन्हें राहत पहुंचाई जा सके। इससे पहले कैबिनेट मंत्री ने राज्यसभा सदस्य संत बाबा बलवीर सिंह सीचेवाल, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन और सुल्तानपुर लोधी के हलका इंचार्ज सज्जन सिंह चीमा, डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार पंचाल, हलका इंचार्ज कपूरथला एडवोकेट करमबीर सिंह चंदी, एसएसपी गौरव तूरा, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर नवनीत कौर बल, जिला योजना बोर्ड के चेयरपर्सन सरबजीत सिंह लुबाना, जिला मीडिया इंचार्ज इंदरजीत सिंह जुगनू और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर बाढ़ में राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राहत कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जाएं ताकि लोगों को राशन, पीने का पानी, दवाइयां आदि की कोई परेशानी न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *