मानसा में आज यानी बुधवार को पूर्व आईएएस अधिकारी और भाजपा नेता एसआर लधड़ ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने भाजपा कार्यालय में कहा कि जिले के गांव झेरियावाली में नशे के कारण 16 युवाओं की मौत हुई है। लधड़ ने कहा कि संगरूर जिले में 18 और मजीठा में 23 युवाओं की नशे से मौत हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार इन आंकड़ों को छिपा रही है। साथ ही नशे से मरने वाले युवाओं के परिवारों को केंद्र सरकार की तरफ से मिलने वाला 82,500 रुपए का मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है। भाजपा नेता ने मानसा के डिप्टी कमिश्नर और एसपी से मामले की गंभीर जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि मृतक युवा गरीब परिवारों से थे, इसलिए मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। लधड़ ने राशन कार्ड को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार केंद्र द्वारा राशन कार्ड काटने की अफवाह फैला रही है। केंद्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि न तो किसी गरीब परिवार का राशन कार्ड काटा जा रहा है और न ही राशन बंद किया जा रहा है।


