कपूरथला की सुल्तानपुर लोधी सब-डिवीजन में 15 दिन पहले दो सब्जी विक्रेताओं से सोने के लॉकेट लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने उनके पास से लूटे गए लॉकेट भी बरामद कर लिए हैं। इसकी पुष्टि एसएचओ सोनमदीप कौर ने की। सुल्तानपुर लोधी की एसएचओ इंस्पेक्टर सोनमदीप कौर ने बताया कि यह घटना 10 दिसंबर को हुई थी। उस दिन सब्जी की रेहड़ी लगाने वाले मजदूरों से अज्ञात व्यक्तियों ने उनके गले में पहने सोने के लॉकेट लूट लिए थे। पुलिस ने इस मामले में लूट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने युवराज सिंह निवासी गांव बूह और सिमरनजीत सिंह वासी बाबा नामदेव कॉलोनी, कपूरथला को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से लूटे गए सोने के लॉकेट बरामद कर लिए गए। पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड मांगेगी। पुलिस का मानना है कि उनसे पूछताछ के दौरान कई अन्य लूट के मामलों का भी खुलासा हो सकता है।


