कपूरथला के सुलतानपुर लोधी रोड पर स्थित एक होलसेल किराना व्यापारी के गोदाम पर देर रात करीब 1:30 बजे फायरिंग की घटना हुई। बदमाशों ने व्यापारी से वाट्सएप कॉल पर लाखों रुपए की फिरौती भी मांगी है। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बदमाशों ने गोदाम के गेट और शटर पर कुल 5 राउंड फायर किए। घटनास्थल से मिले कुछ तथ्यों के आधार पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सिलसिलेवार जानिए फायरिंग से रंगदारी मांगने तक की कहानी रात करीब डेढ़ बजे वारदात:जानकारी के अनुसार घटना देर रात की है। सुलतानपुर लोधी रोड पर स्थित इस बड़े होलसेल किराना व्यापारी के गोदाम पर अज्ञात बदमाशों ने रात करीब 1:30 बजे 5 गोलियां चलाईं। इनमें से दो गोलियों के निशान गोदाम के गेट पर और तीन शटर पर पाए गए हैं। पांच राउंड हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। फायरिंग के तुरंत बाद आई रंगदारी की कॉल: फायरिंग के बाद व्यापारी को एक विदेशी नंबर से वाट्सऐप कॉल आया। इसमें लाखों रुपए की रंगदारी मांगी गई। व्यापारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसपर पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी बदमाशों की पहचान की जा सके। फिलहाल, अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।


