पंजाब के कपूरथला की ढिलवां पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में 400 ग्राम हेरोइन के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमृतसर के चाटी विंड के अमन मलिक और अमृतसर के ही रहने वाले गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस की टीम द्वारा रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। वाहनों की जांच में जुटी थी पुलिस जानकारी के अनुसार थाना ढिलवां के एसआई दलविंदर बीर सिंह पुलिस बल के साथ अमृतसर-जालंधर रोड पर वाहनों की जांच कर रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी स्विफ्ट डिजायर कार में हेरोइन की खेप लेकर आ रहे हैं। नाकाबंदी के दौरान जब एक सफेद डिजायर कार दिखाई दी, तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। दो दिन के रिमांड पर लिया कार की तलाशी में एक लिफाफे से 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। डीएसपी भुलत्थ करनैल सिंह ने बताया कि पकड़े गए तस्करों से पूछताछ के बाद हेरोइन की सप्लाई लेने वाले जालंधर के संदीप शर्मा उर्फ लवली को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है। पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना है। थाना ढिलवां में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


