कपूरथला की सबडिवीजन फगवाड़ा में एक जनरल स्टोर का शटर तोड़ चोरों ने 7 लाख 70 हजार रुपए की सिगरेट समेत लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया है। चोरों ने स्टोर में लगे CCTV कैमरे भी तोड़ दिए। हालांकि घटनास्थल के नजदीक लगे CCTV में चोरों की गतिविधि कैद हो गई हैं। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट 11 दिन बाद दर्ज की है। पुलिस का मानना है कि वारदात की जांच पड़ताल की जा रही थी। स्टोर मालिक की शिकायत के बाद सिटी पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। SHO अमनदीप नाहर ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर जांच अधिकारी ASI सुनील कुमार द्वारा जांच की जा रही है। 3 फुट ऊंचा उठा था शटर जरनल स्टोर के मालिक नीरज बक्शी निवासी अर्बन स्टेट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका सुखचैन साहिब रोड बाबा फतेह सिंह नगर में सरस्वती एंटरप्राइजेज नाम से स्टोर है। वह 14 दिसंबर की रात को लगभग 9:15 बजे अपना स्टोर बंद कर घर चला गया था। जब अगले दिन सुबह करीब 11 बजे अपने स्टोर पर आया तो देखा स्टोर के शटर के ताले टूटे हुए थे और शटर लगभग 3 फुट ऊंचा उठाया हुआ था। इसके बाद उसने स्टोर में दाखिल होकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। स्टोर के अंदर रखी अलमारी टूटी हुई थी जिसमें सिगरेट के डिब्बे रखे हुए थे। अलमारी से सिगरेट के दो डिब्बे तथा अन्य पेटियां गायब थी, जिनकी कीमत लगभग 7 लाख 70 हजार थी। वहीं 10-12 हजार के सिक्के 6500 कीमत के परफ्यूम चोरों ने चोरी कर लिए। सिटी थाना फगवाड़ा के SHO अमनदीप नाहर के अनुसार उक्त घटना में स्टोर के नजदीक लगे CCTV फुटेज कब्जे में लेकर चोरों की पहचान के की जा रही है। जल्द ही चोरों को काबू कर लिया जाएगा।


