कपूरथला में आज से विरासती मेले की शुरुआत हो रही है। गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित यह मेला 23 मार्च तक चलेगा। पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध मेले के मुख्य अतिथि होंगे। मेले का आयोजन पंजाब के पर्यटन व सांस्कृतिक विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से कर रहा है। कपूरथला के डीसी अमित कुमार पांचाल ने बताया कि यह मेला पंजाब की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करेगा। कई कलाकार देंगे प्रस्तुति मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदर्शनियां होंगी। 20 मार्च को लोक व सूफी नाइट में मोहम्मद इरशाद और मीत कौर प्रस्तुति देंगे। 21 मार्च को स्टार नाइट में कंवर ग्रेवाल और 22 मार्च को प्रभ गिल अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। मेले में भांगड़ा और गिद्दा जैसे पारंपरिक पंजाबी लोक नृत्य देखने को मिलेंगे। हस्तशिल्प प्रदर्शनियां लगेंगी। स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल भी होंगे। बच्चों और युवाओं के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया है। मेले की तैयारियों का जायजा लेने के दौरान डीसी अमित कुमार पांचाल के साथ एडीसी नवनीत कौर बल, एडीसी वरिंदरपाल सिंह बाजवा, सिविल सर्जन ऋचा भाटिया और अन्य अधिकारी मौजूद थे। डीसी ने लोगों से अपने परिवार के साथ मेले में आने और इसका आनंद लेने का आग्रह किया है।


