फाजिल्का के जलालाबाद से विधायक गोल्डी कंबोज विकास कार्यों के मुद्दे को लेकर गांव घुबाया पहुंचे l जहां पर उन्होंने सड़क बनाने को लेकर कहा कि घुबाया गांव के मुख्य चौक से लेकर टाहली वाला गांव तक टॉप की सड़क बना दी जाएगी l लेकिन वह गांव में रहने वाले फिरोजपुर से सांसद शेर सिंह घुबाया के घर की तरफ सड़क नहीं बनवाएंगे l उधर कोई पैसा खर्च नहीं होगा l हालांकि मौके पर लोगों ने तर्क दिया कि हमने आपको वोट दिया है, तो विधायक ने कहा कि सांसद के पास बहुत पैसा है वह अपने आप सड़क बनवाएंगे l दरअसल, गांव में कई विकास कार्य विधायक गोल्डी कंबोज द्वारा करवाए जा रहे हैं l उन्होंने बताया कि 10 लाख की सोलर लाइटें, श्मशान भूमि के लिए साढ़े तीन लाख रुपए, निकासी नाले के लिए 4 लाख 75 हजार रुपए, पीने के पानी के प्रोजैक्ट के लिए दो लाख 62 हजार रुपए, बाथरूम की निकासी के लिए ढाई लाख, कम्युनिटी हाल की रिपेयर के लिए दो लाख, नए बस स्टैंड के लिए दो लाख 32 हजार रुपए दिए है और 15 लाख की लागत से लाइब्रेरी बनाई गई है l एमपी के घर जाने वाली सड़क पर नहीं खर्च होगा पैसा: विधायक उन्होंने बताया कि, 4 लाख 99 हजार का वॉलीबॉल स्टेडियम पास करवा दिया गया है, जो बनाया जाएगा l विधायक ने कहा कि घुबाया गांव से लेकर टाहलीवाला तक पूरी सड़क नई बनाई जाएगी l लेकिन वह सांसद के घर की तरफ जाने वाली सड़क नहीं बनाएंगे l चाहे कोई गुस्सा हो या रूठ जाए l उधर, एक पैसा नहीं खर्च होगा l उन्होंने कहा कि जब तक वह विधायक हैं, उधर सड़क नहीं बनाई जाएगी l उन्होंने तर्क दिया कि सांसद घुबाया के पास बहुत पैसा है वह अपने आप सड़क बनवाएंगेl सांसद बोले- कोई विकास कार्य नहीं हुआ इसको लेकर जब सांसद शेर सिंह घुबाया से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि गांव में कोई विकास नहीं करवाया गया l सिर्फ बातें की जा रही है l उनके द्वारा करीब 50 किलोमीटर तक की सड़कें बनवाई जानी है l सांसद घुबाया ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के तहत उनके गांव की सड़क भी बनवाई जाएंगी l


