हनुमानगढ़ के टिब्बी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कबूतरबाजी के नाम पर जुआ खेलने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई को एसपी अरशद अली के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अंजाम दिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चक 11-12 एसएलडब्ल्यू में छापा मारा। यहां राजकीय प्राथमिक स्कूल के सामने खेल मैदान में बड़ी संख्या में लोग जमा थे। पुलिस को देखते ही कई लोग भाग निकले। हालांकि, पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पकड़े गए आरोपियों में मोजुखेड़ा के मुकेश कुमार और बंटू कुमार, सिरसा के गोलू, जोगेवाला के जसपाल सिंह और ठोबरिया के गुरनाम चंद शामिल हैं। आरोपी कबूतरों को हवा में उड़ाकर उनके उड़ान समय और प्रदर्शन पर दांव लगवाते थे। पुलिस ने आरोपियों से कुल 5,470 रुपए की जुआ राशि बरामद की। मौके से दो पिंजरों में बंद कबूतर भी मिले, जिन्हें बाद में आजाद कर दिया गया। थानाधिकारी हंसराज लुणा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 16 मोटरसाइकिल और 2 कारें भी जब्त की गईं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ राजस्थान जुआ अधिनियम और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


