टाटीबंध से तेलीबांधा चौक तक की करीब 10 किमी लंबी रोड को विशेष कार्रवाई सड़क घोषित किया गया है। ये सड़क शहर की लाइफ लाइन मानी जाती है लेकिन इसी सड़क पर किसी जगह अवैध कब्जों के कारण तो कहीं बैनर-पोस्टर और कहीं अवैध पार्किंग के कारण दिन में कई बार जाम लगता है। इस वजह से सड़क से रोज गुजरने वाले करीब ढाई लाख लोग जाम में फंसकर परेशान होते हैं। इस रोड को विशेष कार्रवाई वाली सड़कों में शामिल करने के बाद अब निगम, पुलिस और प्रशासन का अमला दिन में रोज दो बार इस सड़क पर अभियान चलाएगा। सड़क पर सामान बिखेर कर रखने वाले छोटे कारोबारियों, दुकान के सामने डिस्पले बोर्ड रखने वालों सहित अवैध पार्किंग करने वालों पर सीधे जुर्माने और सामान जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर जहां भी नालों को पाटकर दुकान या रोड पर पाटे बना लिए हैं, उन्हें तोड़ दिया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने तीनों विभागों जिला प्रशासन, निगम और पुलिस का विशेष अमला बनाया गया है। इस दस्ते में पुलिस के 15 जवान, निगम के 25 कर्मचारी और गार्ड रहेंगे। इस टीम को संसाधनों से भी लैस किया गया है। तेलीबांधा से शुरू किया अभियान
निगम, पुलिस तथा जिला प्रशासन की टीम ने बुधवार को विशेष अभियान तेलीबांधा चौक से शुरू कर दिया गया है। इस दौरान तेलीबांधा एक्सप्रेस-वे के नीचे बिना अनुमति चाट, गुपचुप के ठेले, रिपेयरिंग इत्यादि की दुकानें लगाने वालों को हटाया गया। मरीन ड्राइव के किनारे से भी कब्जे हटाए गए। तेलीबांधा से आगे जोरा और अग्रसेन धाम तक ढाबों की वजह से जाम के हालात बनते हैं। निगम उपायुक्त डा. अंजलि शर्मा और नगर निवेशक आभाष मिश्रा ने बताया कि विशेष दस्ते का गठन अभियानपूर्वक कार्रवाई और नगर निगम के जोन के सहयोग के लिए किया गया है। नियमित और कारगर कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन, निगम और पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाई गई है। जीई रोड पर विशेष फोकस रहेगा।
गौरव कुमार, कलेक्टर रायपुर अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा सके इसलिए विशेष दस्ते का गठन किया गया है। निगम का नियमित अमला भी कार्रवाई करेगा।
मीनल चौबे, महापौर रायपुर सड़क को साफ-सुंदर और स्वच्छ बनाना जाएगा। हम कुछ अन्य सड़कों को चिन्हिंत कर वहां भी विशेष अभियान चलाएंगे।
विश्वदीप, कमिश्नर रायपुर नगर निगम


