कमजोर परिणाम वाले स्कूलों पर सख्ती शुरू टॉपर तैयार करने शिक्षकों की जवाबदेही तय

भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम जिले के हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के परीक्षा नतीजों में सुधार के लिए स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल का सभागार रिव्यू सेंटर में बदल गया। दुर्ग संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा आरएल ठाकुर ने जिले के 150 स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक लेकर स्कूलवार परीक्षा परिणामों का विश्लेषण किया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एफआर वर्मा, प्राचार्य डाइट महराजपुर, डीएमसी, डीपीओ साक्षरता सहित चारों ब्लॉकों के शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे। संयुक्त संचालक ने बोर्ड परीक्षा 2024-25 के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परिणाम खोलकर देखे। जिन स्कूलों ने बेहतर परिणाम दिए, उनकी रणनीति सबके सामने रखवाई। जबकि कमजोर नतीजे वाले स्कूलों के प्राचार्यों से कारण पूछे गए और आने वाली अर्धवार्षिक परीक्षा में बदलाव दिखाने के निर्देश दिए गए। संयुक्त संचालक ठाकुर ने कहा कि सिर्फ पढ़ाने से नहीं, मेंटोरिंग, उपचारात्मक शिक्षण, अतिरिक्त कक्षाएं और मार्गदर्शी सत्र अनिवार्य हैं। उन्होंने सभी प्राचार्यों को स्पष्ट कहा कि स्कूल स्तर पर माइक्रो प्लानिंग और विषयवार स्वॉट एनालिसिस हर सप्ताह होना चाहिए। स्कूलों में टॉपर तैयार करने को लेकर विशेष रणनीति लागू की गई। सभी शिक्षकों की जवाबदेही भी तय की गई है। राज्य मेरिट में जिले की हिस्सेदारी बढ़ाने के निर्देश संयुक्त संचालक ने राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली परख परीक्षा के लिए विशेष तैयारी कराने को कहा। प्रतिभावान विद्यार्थियों को राज्य मेरिट में लाने के लिए अलग से स्पेशल गाइडेंस सेशन आयोजित करने निर्देश दिए गए। वहीं डीईओ एफआर वर्मा ने जिले की नवाचारी पहल प्रत्येक दिवस एक कालखंड लेखन अभ्यास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों की लेखन क्षमता में वास्तविक सुधार दिखेगा। उन्होंने सभी प्राचार्यों को छात्रों को विषयवार ब्लूप्रिंट समझाने के निर्देश भी दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *