भास्कर न्यूज | बेमेतरा विश्व एड्स दिवस पखवाड़ा 1 से 15 दिसंबर तक मनाया जा रहा है। जिसके तहत पंडित जवाहर लाल नेहरू कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में एचआईवी, एड्स एवं यौन रोगों पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को एचआईवी-एड्स के कारण, लक्षण, संक्रमण के माध्यम तथा रोकथाम के उपाय की वैज्ञानिक एवं सही जानकारी प्रदान करना था। आईसीटीसी परामर्शदाता पुराणिक नायक ने बताया कि एड्स एचआईवी वायरस से होने वाली वह अवस्था है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर कर देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को संक्रमण के प्रमुख कारणों में असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई-सीरिंज, संक्रमित रक्त और गर्भावस्था में मां से बच्चे तक संक्रमण की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी में हिस्सा लिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। परामर्शदाता विनेश्वर जायसवाल ने यौन संक्रमण रोगों, उनके कारण, बचाव और उपचार पर जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालंटियर धर्म बारले ने एचआईवी एवं एड्स एक्ट-2017 के तहत गोपनीयता और एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के अधिकारों की जानकारी विद्यार्थियों को दी। आशा चेलक ने समुदायों में जागरूकता बढ़ाने, जिला अस्पताल स्थित एचआईवी परामर्श एवं जांच केंद्र का लाभ लेने की बात कही। प्राचार्य डॉ. वीणा त्रिपाठी ने कहा कि एड्स के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है, जिससे समाज में फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सके। विद्यार्थियों ने सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संदेश के साथ समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भुनेश्वर गेंदले, मुकेश मानिकपुरी, परमेश्वर पात्रे, तारिणी वर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के धर्म बारले एवं महाविद्यालय के संकाय सदस्य पायल गोस्वामी, सृष्टि तिवारी, नर्मदा नागे, चंदन गुप्ता, शोभित साहू उपस्थित रहे।


