भास्कर न्यूज | बेमेतरा ग्राम सिलघट में 10 से 13 दिसंबर तक होने वाले 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ की तैयारी अंतिम दौर में है। बुधवार को शांतिकुंज हरिद्वार से शक्ति कलश जब साजा पहुंचा गायत्री परिवार के सदस्यों एवं नगरवासियों ने कलश का पारंपरिक विधि से स्वागत और पूजन किया। गायत्री परिवार साजा के ब्लॉक समन्वयक पोखन सिंह ठाकुर ने बताया कि दिव्य शक्ति कलश का आगमन समाज में सद्बुद्धि, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ाने वाला संदेश लेकर आया है। कलश यात्रा केवल दर्शन का अवसर नहीं, बल्कि यह आत्म-परिवर्तन और सामाजिक जागरण का संकल्प भी है। कार्यक्रम में दल्लू सिंह वर्मा ने अपनी साधना परंपरा का उल्लेख करते हुए नशा मुक्ति और युग निर्माण का संदेश दिया। बताया कि ग्राम सिलघट (भिंभौरी) में 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, भव्य कलश यात्रा, सामूहिक संस्कार एवं जागरण कार्यक्रम 10 से 13 दिसंबर तक आयोजित होंगे। आयोजन में नवागढ़ ब्लॉक समन्वयक बसंत कुमार वर्मा, देवकी मढरिया, सुभद्रा वर्मा सहित नगरवासी उपस्थित थे।


