कमरा न मिलने पर स्टाफ पीटा, भागते समय हवाई फायरिंग की

बस स्टैंड के पास स्थित होटल 7 एस्केप में शनिवार देर रात शराब के नशे में धुत युवकों ने जमकर हंगामा किया। मामूली विवाद के बाद युवकों ने होटल स्टाफ से मारपीट की और भागते समय सरेआम हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। होटल संचालक मोहित यादव वासी इंद्रा नगर, मिल्लरगंज ने पुलिस को बताया कि 14 फरवरी की रात वह रिसेप्शन पर मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक होटल में आया और कमरा मांगने लगा। स्टाफ ने नियमानुसार उससे पहचान पत्र मांगा तो वह टालमटोल करने लगा। आईडी प्रूफ पर जोर देने पर युवक भड़क गया और गाली-गलौच करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने फोन कर अपने दो साथियों को बुला लिया। तीनों ने मिलकर होटल में हंगामा शुरू कर दिया और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। भीड़ बढ़ती देख आरोपी घबरा गए और मौके से भागने लगे। जब उन्हें पकड़ने की कोशिश की गई तो तीनों में से एक युवक ने पिस्तौल निकालकर हवाई फायर कर दिया। आरोपी इसी का फायदा उठाकर फरार हो गए। थाना डिवीजन-5 से पहुंचे जांच अधिकारी गुरसेवक सिंह ने बताया, अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *