लुटेरों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब वे पुलिसकर्मियों के परिवारों को भी निशाना बनाने लगे हैं। ताजा मामला सराभा नगर के डी-जोन इलाके से सामने आया है, जहां पार्किंग में खड़े एक रिटायर्ड एएसआई से दो बदमाशों ने तेजधार हथियार दिखाकर उनकी एक्टिवा और अन्य सामान लूट लिया। वारदात 13 फरवरी की रात 9:30 बजे के करीब ज़ोन-डी स्थित नहर के पास बनी पार्किंग में हुई। पीड़ित रिटायर्ड एएसआई विजय कुमार (54) निवासी पुलिस कॉलोनी, बीआरएस नगर ने बताया कि उनका बेटा भी पुलिस विभाग में कार्यरत है, जिस कारण वे पुलिस कॉलोनी में रहते हैं। घटना वाली रात वह अपनी एक्टिवा (PB-10-CT-6688) पर किप्स मार्केट गए थे। काम निपटाकर जब वह डी-जोन के बाहर पार्किंग के पास खड़े होकर किसी व्यक्ति से फोन पर बात कर रहे थे, तभी दो युवक तेजधार हथियारों से लैस होकर उनके पास पहुंचे। आरोपियों ने उन्हें डराया-धमकाया और उनकी एक्टिवा सहित अन्य सामान छीन लिया। पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने बचाव के लिए शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। मामले में जांच अधिकारी हरभोल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी की पहचान रणवीर सिंह उर्फ लक्की पुत्र अजमेर सिंह निवासी भगत सिंह नगर के रूप में कर ली है, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस टीम दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।


