भारत नगर चौक पर रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ऊपर एलिवेटेड पुल से तेज धमाकों जैसी आवाज के साथ गेहूं से भारी बोरियां नीचे जा गिरीं। सड़क पर गुजर रही दो कारें इसकी चपेट में आ गईं, वहीं सड़क किनारे की दुकानों को भी इससे नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल से गुजर रहा ट्रक ओवरलोड था। इसी दौरान अचानक ट्रक से गेहूं की बोरियां एक-एक कर नीचे गिरने लगीं। ऊंचाई से गिरीं इन 50 किलो की बोरियों से नीचे गुजर रही स्विफ्ट व होंडा सिटी कारों की छतें दब गईं और दरवाजे तक टूट गए। हालांकि कार चला रहे दोनों ड्राइवरों का बचाव हो गया। प्रत्यक्षदर्शी दुकानदार ने बताया, उनकी दुकान का साइन बोर्ड और बाहर लगी छतरी टूट गई। सौभाग्यवश उस वक्त कोई पैदल राहगीर वहां से नहीं गुजर रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कारों से बामुश्किल ड्राइवरों को बाहर निकाला। जोन-7 के ट्रैफिक इंचार्ज सुनीता ने बताया कि ट्रक ड्राइवर मुल्लांपुर दाखां से ताजपुर रोड जा रहा था। सुबह 12 बजे तक सुरक्षा के लिए रास्ता बंद किया था।


