भास्कर संवाददाता| विदिशा क्षेत्रीय विधायक मुकेश टंडन की लगातार मांग के बाद राज्य शासन ने अनुपूरक बजट 2025–26 में छीरखेड़ा से सोंथर तक तीन किलोमीटर सड़क निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नई सड़क के निर्माण से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। स्वीकृति मिलने पर विधायक टंडन ने सांसद एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रयासों के सराहना की है। विधायक मुकेश टंडन ने गुरुवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान शून्यकाल में विदिशा नगर स्थित शासकीय कन्या महाविद्यालय परिसर के छात्रावास भवन में हुई गंभीर अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि निर्माण पूरा हुए दो वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन खामियों के चलते भवन आज तक संचालित नहीं हो सका। विधायक ने सदन में जानकारी देते हुए कहा कि भवन की आंतरिक विद्युत व्यवस्था खराब है, कमरों और बालकनी में बारिश का पानी घुस जाता है, बालकनी में ड्रेनेज पाइप तक नहीं लगाया गया है। सभी बाथरूम और टॉयलेट के नल क्षतिग्रस्त हैं, दीवारों में दरारें हैं और छत से कई कमरों में पानी रिसता है। उन्होंने छात्राओं के भविष्य को देखते हुए निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई करने की मांग सरकार से की।


