भास्कर न्यूज | बालोद ग्राम कमरौद में गुरु घासीदास की 269वीं जयंती मनाई गई। सतनामी समाज के लोगों ने जैतखाम के समक्ष पूजा की एवं शोभायात्रा निकाली गई। समाज के लोगों ने अपने-अपने घरों के आंगन व प्रवेश द्वार पर सुंदर रंगोली बनाई और दीप प्रज्वलित किए। गुरु घासीदास के छायाचित्र पर विशेष पूजा-अर्चना कर सह-परिवार जैतखाम में नए सफेद ध्वज का पालो चढ़ाया गया। महिलाओं ने सूजी, मेवा, घी, आटा, गुड़ से बनी महाप्रसादी, मालपुवा, फल-फूल व नारियल अर्पित किए। साथ ही घी व आटे के घोल से जैतखाम के चारों ओर धार्मिक निशान लगाए गए। मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने सतनाम-मंगल भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की।


