देश के मशहूर पान मसाला कंपनी कमला पसंद और राजश्री के मालिक कमल किशोर की बहू दीप्ति चौरसिया (40) ने दिल्ली में सुसाइड कर लिया। मंगलवार शाम को दिल्ली के बसंत विहार में वह अपने आवास में फंदे पर लटकी मिली। कमल किशोर मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दीप्ति दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई मिली। मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया। हालांकि, दीप्ति के परिजन ने खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। दीप्ति की साल 2010 में कमल किशोर के बेटे हरप्रीत चौरसिया से शादी हुई थी। दोनों का 14 साल का एक बेटा है। बताया जा रहा है कि हरप्रीत ने दो शादी की हैं। दूसरी पत्नी दक्षिण भारतीय फिल्मों की एक्ट्रेस हैं। कमला पसंद पान मसाला के संस्थापक कमलाकांत चौरसिया और कमल किशोर चौरसिया हैं। 1980 के दशक में कंपनी की शुरुआत कानपुर में फीलखाना मोहल्ले में एक छोटी से गुमटी से हुई थी। आज कंपनी का अरबों रुपए का टर्नओवर है। कमला पसंद पान मसाला का मालिकाना हक कमला पसंद (KP) ग्रुप और कमलाकांत कंपनी के पास है। KP ग्रुप कमला पसंद पान मसाला बनाने वाली मूल कंपनी है। कमलाकांत कंपनी के पास ब्रांड का ट्रेडमार्क है। बाजार विश्लेषक कंपनी के अनुसार, देश में पान मसाला का कारोबार करीब 46,882 करोड़ रुपए का है, जो 2033 तक 64 हजार करोड़ रुपए के पार जा सकता है। इसमें कमला पसंद का बाजार पूंजीकरण 3 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है। यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है…


