सागर| देवरी विधानसभा में पटवारी द्वारा विधायक बृजबिहारी पटेरिया पर मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाने के बाद मामला बढ़ता ही जा रहा है। विधायक के समर्थकों के विरोध जताने के बाद सोमवार को पटवारी संघ ने विरोध जताते हुए शांति मार्च निकाला। वे पैदल मार्च करते हुए कमिश्नर कार्यालय गए। विधायक पर करवाई नहीं होने के विरोध स्वरूप उन्होंने तिरंगा सौंपा। यह तिरंगा उपायुक्त को दिया। उन्होंने पटवारी को न्याय दिलाने की बात कही। हालांकि इस दौरान उन्होंने कोई ज्ञापन नहीं दिया है। पटवारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह बघेल ने कहा कि देवरी में विधायक ने हमारे पटवारी के साथ अभद्रता और मारपीट की थी। जिसके विरोध में तीन दिन से सागर जिले में पटवारी हड़ताल पर हैं। इसी को लेकर आज सभी लोगों ने गांधीवादी तरीके से शांति मार्च निकालकर अपना विरोध जताया है। तिरंगा भेंटकर न्याय की बात कही गई है। उन्होंने पटवारी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर कहा कि यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कराई जाए। जांच में दोषी पाए जाने पर सजा दी जाए।


