कमिश्नर ऑफ पुलिस बीजू जॉर्ज जोसफ को राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। किराएदार, ड्राइवर व घरैलू नौकरों के सत्यापन के लिए जन उपयोगी नजर एप बनाने पर स्कॉच फाउंडेशन की तरफ से जयपुर पुलिस को टेक्नोलॉजी इनोवेशन कैटेगरी में स्कॉच अवॉर्ड मिला है। ये अवॉर्ड शनिवार को दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम में दिया। पुलिस की तरफ से ये अवॉर्ड एप बनाने वाले तत्कालीन एडिशनल कुंवर राष्ट्रदीप ने रिसीव किया। जयपुर कमिश्नर रहे एडीजी बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि दो साल पहले एडिशनल कमिश्नर रहने के दौरान कुंवर राष्ट्रदीप ने नजर एप बनाई थी। इसलिए अवॉर्ड रिसीव करने के लिए डीजीपी राजीव शर्मा ने उन्हें भी भेजा था। जिसके जरिए जयपुर निवासी लोग अपने स्तर पर किराएदार, ड्राइवर व घरैलू नौकरों का सत्यापन करवा सकते है। इस एप की जन उपयोगिता को देखते हुए स्कॉच फाउंडेशन की तरफ से आयोजित 104वें स्कॉच शिखर सम्मेलन में ये अवॉर्ड दिया गया। नागरिक सुरक्षा और सर्वे में आसान सुविधा
‘नजर’ एप्लिकेशन का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किराएदार, ड्राइवर, घरेलू नौकर आदि का सरल, पारदर्शी सर्वे करना है। एप के माध्यम से पुलिस और नागरिकों के बीच समन्वय मजबूत हुआ है। इसके जरिए आमजन अपने स्तर पर संपत्ति और कर्मचारियों की जानकारी सीधे पुलिस के साथ साझा कर सकते हैं। एप का विकास और उपलब्धता
जयपुर पुलिस ने 28 सितंबर 2023 को एप विकसित किया। प्रारंभ में इसे बीट कॉन्स्टेबल के लिए उपलब्ध कराया गया, जबकि जून-2024 से आमजन के लिए गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। वर्तमान में 33 हजार से अधिक लोगों ने एप डाउनलोड किया और 62 हजार 220 किरायेदारों एवं नौकरों का सर्वे पूरा किया गया।


