कम यात्री भार के चलते जोधपुर-रामदेवरा स्पेशल ट्रेन रद्द:तीन दिन पहले ही शुरू हुई थी, शुक्रवार से नहीं चलेगी

रेलवे प्रशासन ने कम यात्री भार को देखते हुए जोधपुर से रामदेवरा के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को बंद करने का फैसला लिया है। यह आदेश शुक्रवार, 23 जनवरी से प्रभावी होगा। जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि गाड़ी संख्या 04867/04868 (जोधपुर-रामदेवरा-जोधपुर स्पेशल) का संचालन यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू किया गया था। लेकिन पिछले कुछ समय से इस ट्रेन में पर्याप्त संख्या में यात्री नहीं मिल रहे थे। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन सेवा को 23 जनवरी से रद्द करने का निर्णय लिया है। उल्लेखनीय है कि रेलवे ने बाबा रामदेव के जातरूओं की सुविधा के लिए 20 जनवरी से यह स्पेशल ट्रेन 28 जनवरी तक चलाने का फैसला किया था। यानी, इस ट्रेन को कुल 9 फेरे के लिए संचालित किया जाना था। लेकिन ऑफ-सीजन होने के कारण ट्रेन को उम्मीद के मुताबिक यात्री नहीं मिले। नतीजतन, ट्रेन 20, 21 और 22 जनवरी को चलने के बाद अब 23 जनवरी से पटरियों पर नहीं दिखेगी। ये था शेड्यूल और रूट यह ट्रेन (04867) जोधपुर से सुबह 9:30 बजे रवाना होकर दोपहर 1 बजे रामदेवरा पहुंचती थी। वापसी में (04868) रामदेवरा से दोपहर 2 बजे चलकर शाम 5:30 बजे भगत की कोठी/जोधपुर पहुंचती थी। इस रूट पर इस ट्रेन का राईका बाग, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिंवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी स्टेशनों पर तय किया गया था। इसमें 9 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 11 डिब्बे लगाए गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *