डीग के 97,651 किसानों को मिले 9.76 करोड़ रुपए:प्राण प्रतिष्ठा दिवस पर सीएम किसान सम्मान निधि की 5वीं किश्त जारी

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर डीग जिले के 97,651 किसानों के खातों में 9.76 करोड़ रुपए की सीएम किसान सम्मान निधि की 5वीं किश्त सीधे हस्तांतरित की गई। प्रदेश के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में यह जानकारी दी। मंत्री बेढ़म ने इस अवसर को सुशासन और जनकल्याण को समर्पित बताया। उन्होंने सिरोही से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। समारोह के दौरान मंत्री बेढ़म और जिला कलेक्टर उत्सव कौशल की उपस्थिति में सीएम किसान सम्मान निधि की यह किश्त डीबीटी के माध्यम से जारी की गई। सहायक रजिस्ट्रार सहकारिता विभाग रामावतार सिंह ने बताया कि जिले के कुल 97,651 लाभार्थी किसानों को 9 करोड़ 76 लाख 51 हजार रुपए की राशि हस्तांतरित की गई है। गृह राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य स्तर पर जारी 1500 करोड़ रुपए के पैकेज में डीग जिले की यह हिस्सेदारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने इसे किसानों, महिलाओं और श्रमिकों के आर्थिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इसी क्रम में, मंत्री बेढ़म ने जिले भर में ‘ग्राम उत्थान शिविरों’ की शुरुआत की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को साकार करना है, जिसके तहत प्रशासन अब कार्यालयों तक सीमित न रहकर गिरदावर सर्किल स्तर पर शिविर लगाकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करेगा। इस अवसर पर जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में इन शिविरों का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता और गंभीरता से किया जाएगा, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी योजनाओं का लाभ मिल सके। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी किसान उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *