कम वर्षा से सीहोर में पेयजल संकट की आशंका:कलेक्टर ने विशेष कैंप और निगरानी के निर्देश, फार्मर रजिस्ट्री को प्राथमिकता

सीहोर में कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने किसानों की फार्मर रजिस्ट्री के कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, जिसके तहत ग्राम स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों के समय-सीमा वाले और सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और उनके संतुष्टिपूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजस्व, कृषि एवं सहकारिता विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इन कैंपों के माध्यम से किसानों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी रूप से मिल सकेगा। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की नियमित निगरानी करने और किसानों को पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी देने को भी कहा, ताकि कोई भी किसान वंचित न रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में औसत से कम वर्षा के कारण संभावित पेयजल संकट पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों के वार्डों को चिह्नित करने के निर्देश दिए, जहां पेयजल की कमी हो सकती है। इन क्षेत्रों में पर्याप्त और सुचारू पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा गया। कलेक्टर ने प्रभावित ग्रामों में ग्राम सभाओं का आयोजन कर नागरिकों और किसानों को पानी के सीमित और विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। इसका उद्देश्य उपलब्ध जल संसाधनों का संरक्षण और समुचित उपयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने पेयजल आपूर्ति की नियमित निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर समय पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए, ताकि ग्रामीणों को असुविधा न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *