गढ़वा|मेराल थाना क्षेत्र के पुरवारा टोला निवासी स्व. शिव महतो का पुत्र गुप्तेश्वर महतो 50 वर्ष करंट की चपेट में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया है। घटना के संबंध में बताया गया कि वह अपने खेत में कुछ काम कर रहा था। उसी बीच करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गया। जिससे उसे करंट लग गया। घटना के बाद परिजनों ने उसे सदर अस्पताल लाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करापरिजनों को सौंप दिया है। मंझिआंव|गढ़वा जिला अंतर्गत मंझिआंव थाना क्षेत्र के सोनपुरवा गांव के रहने वाले महेंद्र चौधरी की मुंबई में मौत हो गई। 45 वर्षीय महेंद्र चौधरी स्वर्गीय सूर्यदेव चौधरी के पुत्र थे और मुंबई के परेल स्थित ईएम अस्पताल में गुरुवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। परिजनों के अनुसार महेंद्र चौधरी मई माह में अपनी बड़ी पुत्री की शादी के बाद करीब डेढ़ माह पहले ही दोबारा मुंबई लौटे थे। वे वहां बिल मोरिया कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे और पिछले 17 वर्षों से इसी कंपनी में कार्य कर रहे थे। चार दिनों से वे खुद को अस्वस्थ महसूस कर रहे थे और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत कर रहे थे। गुरुवार रात लगभग 10 बजे अचानक उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद कंपनी के कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान रात 11:30 बजे उनकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह घटना की खबर मिलते ही मुंबई में कार्यरत गांव के सैकड़ों मजदूर अस्पताल पहुंचे। इसमें प्रकाश चौधरी, शिवचंद चौधरी, उदय चौधरी, मनोज चौधरी, विजय शर्मा, सरफराज खान, अवधेश उरांव समेत कई लोग शामिल थे।


