फलोदी जिले के लोहावट तहसील के करणीनगर गांव में टिड्डी सह एकीकृत कीट प्रबंधन (आईपीएम) पर दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। टिड्डी सह आईपीएम कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। समापन अवसर पर, एपीपीओ भागीरथ सिंह, एसए विजय सिंह भाटी और एसए शोभा राम ने किसानों को खेतों में टिड्डी नियंत्रण मशीनों का प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्हें टिड्डी दल पर सरकार के नियंत्रण अभियान योजना के बारे में भी बताया। भारत सरकार के कृषि विभाग द्वारा किसान हितार्थ लॉन्च किए गए एनपीपीएस मोबाइल ऐप और उसके उपयोग पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन प्रभारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन आरएलसी आईपीएमसी जोधपुर के मुख्य अतिथि प्रमोद गौड़ ने किया था। टिड्डी एवं एकीकृत कीट प्रबंधन फलोदी के प्रभारी अश्विनी दवे ने अधिकारियों और किसानों का स्वागत किया। गौड़ ने किसानों को टिड्डियों की पहचान, उनके जीवन चक्र और नियंत्रण उपायों की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने सरकारी कृषि योजनाओं, मृदा एवं बीज उपचार के महत्व के साथ-साथ कीट नियंत्रण के लिए जैविक और जैविक विधियों के उपयोग पर भी प्रकाश डाला।


