करणी सेना अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर की यात्रा अंजड़ पहुंची:21 सूत्रीय मांगों के समर्थन में जन क्रांति न्याय यात्रा, स्थानीय लोगों ने किया स्वागत

करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर की जन क्रांति न्याय यात्रा शनिवार शाम बड़वानी जिले के अंजड़ नगर पहुंची। यह यात्रा हरदा कांड के विरोध में और 21 सूत्रीय मांगों को पूरा कराने के लिए निकाली जा रही है। अंजड़ में करणी सेना परिवार और राजपूत समाजजनों ने उनका स्वागत किया। यात्रा के नगर में प्रवेश से पहले पृथ्वीराज सिंह चौहान और चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। सराफा बाजार स्थित गढ़ी मोहल्ला श्रीराम मंदिर में पूजन के बाद राजपूत समाज प्रमुखों ने शेरपुर का तिलक अभिनंदन कर साफा पहनाया। मीडिया से चर्चा में जीवन सिंह शेरपुर ने बताया कि यह यात्रा सरकार से 21 सूत्रीय मांगों को पूरा कराने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। इन मांगों के समर्थन में वे विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जन क्रांति न्याय यात्रा जिले के ठीकरी से अंजड़ पहुंची है। शेरपुर ने कहा कि वे 21 दिसंबर को हरदा में होने वाली जन क्रांति न्याय यात्रा के लिए बड़वानी जिले में निमंत्रण देने आए थे। उन्होंने दावा किया कि यात्रा को जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने सभी करणी सैनिकों से 21 सूत्रीय मांगों को समझने और अपने-अपने गांवों में लोगों को इनके बारे में बताने की अपील की, क्योंकि ये मांगें जनहितैषी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि क्षत्रिय समाज हमेशा से जनहितैषी मुद्दों के लिए लड़ता रहा है। इस अवसर पर करणी सेना परिवार के सदस्यों ने प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर का स्वागत किया। बाद में स्थानीय बड़दा रोड स्थित राजपूत समाज धर्मशाला में एक मंचीय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां उन्होंने सभा को संबोधित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *