हनुमानगढ़ के खिलाड़ी करमवीर ने मणिपुर में आयोजित 69वीं नेशनल वूशु चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से हनुमानगढ़ जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। जंक्शन स्थित इंदिरा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र करमवीर ने इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से आए मजबूत खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनका यह प्रदर्शन कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिणाम है। करमवीर की इस जीत पर इंदिरा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खुशी का माहौल है। स्कूल के प्रिंसिपल रमेश सैन और डायरेक्टर दयाराम सैन ने खिलाड़ी करमवीर और उनके कोच शंकर सिंह नरूका को बधाई दी। उन्होंने करमवीर के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। प्रिंसिपल रमेश सैन ने कहा कि करमवीर की सफलता उसकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और कोच शंकर सिंह नरूका के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि करमवीर ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और सतत अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। डायरेक्टर दयाराम सैन ने भी इस उपलब्धि को स्कूल और पूरे हनुमानगढ़ जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।


