श्योपुर के कराहल थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय जादौन बुधवार शाम से लापता हैं। दो दिन बीत जाने के बाद भी आज शुक्रवार शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे पुलिस विभाग और परिजनों की चिंता बढ़ गई है। ड्यूटी पर नहीं पहुंचे, कॉल करने पर बंद मिला फोन विजय जादौन बुधवार को अपनी नियमित ड्यूटी पर थाने नहीं पहुंचे। जब सहकर्मियों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद कराहल थाना पुलिस ने तत्काल उनकी तलाश शुरू की। कराहल टोल प्लाजा के पास मिली आरक्षक की बुलेट खोजबीन के दौरान कराहल टोल प्लाजा के आगे सड़क किनारे उनकी बुलेट बाइक खड़ी मिली। बाइक में चाबी भी लगी हुई थी, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी यासमीन खान के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने विजय जादौन के दोस्तों, परिचितों और सहकर्मियों से पूछताछ की है। परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई, जिन्होंने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां खोजबीन की, लेकिन शुक्रवार शाम तक विजय का कोई पता नहीं चल सका। एसपी बोले-तलाश के लिए जिला पुलिस सक्रिय थाना प्रभारी यासमीन खान ने बताया कि प्रधान आरक्षक विजय जादौन की तलाश लगातार जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्योपुर जिले के साथ-साथ पड़ोसी शिवपुरी जिले की पुलिस को भी सूचना दी गई है। संभावित सभी स्थानों पर पुलिस टीमों को रवाना किया गया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रधान आरक्षक विजय जादौन की तलाश के लिए जिला पुलिस पूरी तरह से सक्रिय है। जिले भर की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। मां ने टीआई पर प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
विजय जादौन की मां राजेश्वरी जादौन ने थाना प्रभारी पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी की वजह से उनका बेटा परेशान था और इसी कारण वह लापता हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस आरोप पर अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है। लोगों से जानकारी मिलने पर थाने में सूचना देने की अपील पुलिस ने आसपास के जंगल, वन विभाग के प्लांटेशन इलाकों, संभावित रास्ते, नहरों और सुनसान स्थानों में सघन सर्च अभियान चलाया। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि अगर किसी को आरक्षक विजय जादौन के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत कराहल थाने को सूचित करें।


